जम्मू के डोमाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के लॉन में सोमवार को एक संदिग्ध ड्रोन बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन को सबसे पहले स्कूल के सुरक्षा गार्ड ने देखा और इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन को कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह एक खिलौना ड्रोन प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसे विस्तृत जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
इसी बीच, सोमवार तड़के सांबा जिले के विजयपुर क्षेत्र के राख बरोटियां इलाके में चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक निजी कार छीनने की घटना सामने आई है।
अधिकारियों के मुताबिक, पंजाब नंबर की यह कार जम्मू की ओर जा रही थी, जब आरोपियों ने इसे रोककर छीन लिया और रिंग रोड जम्मू की तरफ फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा वाहन की बरामदगी के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

