क्लाउड सिक्योरिटी कंपनी ज़स्केलर (Zscaler) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के एंटरप्राइज स्तर पर उपयोग के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस सूची में भारत से आगे केवल संयुक्त राज्य अमेरिका है।
यह जानकारी ‘Zscaler ThreatLabz 2026 AI Security Report’ में सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि भारतीय कंपनियों में AI आधारित तकनीकों, प्लेटफॉर्म और समाधान के उपयोग में तेज़ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, विभिन्न उद्योगों में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और ऑटोमेशन को बढ़ावा देने के लिए AI का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह रिपोर्ट ऐसे समय जारी हुई है जब इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन होने वाला है। यह बहुप्रतीक्षित शिखर सम्मेलन 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में दुनिया भर के शीर्ष तकनीकी विशेषज्ञ, नीति निर्माता और नवोन्मेषक हिस्सा लेंगे।
समिट में NVIDIA के सीईओ जेनसन हुआंग, OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई और क्वालकॉम के सीईओ क्रिस्टियानो एमॉन सहित कई वैश्विक तकनीकी दिग्गजों के शामिल होने की संभावना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत का मजबूत डेवलपर नेटवर्क, तेजी से बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार देश को वैश्विक AI शक्ति के रूप में स्थापित कर रहा है। साथ ही रिपोर्ट में AI के बढ़ते उपयोग के साथ मजबूत सुरक्षा ढांचे की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।

