Site icon AR24 Digital

ट्रंप का फिर दावा—मैंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया; भारत ने दोहराया, कोई तीसरे पक्ष की मध्यस्थता नहीं

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने पिछले वर्ष भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रुकवाया था। उन्होंने यह दावा गुरुवार को एक ही दिन में दो अलग-अलग मौकों पर किया—पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम में और बाद में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए।

नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने बीते एक साल में कई अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को समाप्त कराया है। उन्होंने कहा, “एक साल में मैंने आठ बड़े युद्ध खत्म कराए, जैसे कंबोडिया-थाईलैंड, कोसोवो-सर्बिया, पाकिस्तान-भारत, इज़राइल-ईरान और आर्मेनिया-अज़रबैजान।”

इसके बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु युद्ध को टलवाया। उन्होंने अमेरिकी सेना के पुनर्निर्माण और नई सैन्य क्षमताओं का जिक्र करते हुए लिखा कि अमेरिका की ताकत के कारण कई बड़े टकराव रोके गए।

ट्रंप इससे पहले भी 90 से अधिक बार यह दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान तनाव को खत्म कराया। उन्होंने पिछले साल 10 मई को भी कहा था कि वॉशिंगटन की मध्यस्थता से दोनों देशों के बीच “तुरंत और पूर्ण” युद्धविराम पर सहमति बनी।

हालांकि भारत सरकार लगातार किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से इनकार करती रही है और उसका रुख है कि भारत और पाकिस्तान के बीच सभी मुद्दे द्विपक्षीय स्तर पर ही सुलझाए जाते हैं।

Exit mobile version